ताजपुर प्रखंड में प्राकृतिक आपदा में फसल बर्बाद होने के बाद भी कृषि इनपुट योजना से वंचित रहने से नाराज प्रखंड के किसानों ने कृषि समन्वयकों पर लापरवाही एवं मनमानी बरतने का आरोप लगाया है। फतेहपुरबाला कि वीरचन्द्र प्रसाद सिंह, मोतीपुर के ब्रह्मदेव सिंह, सरसौना के रणधीर सिंह पप्पू, नूराचक के महेन्द्र सिंह आदि ने शिकायत करते हुए बताया कि प्रखंड में कई बार आंधी-तूफान, ओलावृष्टि, बेमौसम भारी बारिश आदि प्राकृतिक आपदा से गेंहू, मक्का, हरी सब्जी आदि फसल की भारी क्षति हुई है। इसके बाद भी यहां के किसानों को लाभ से वंचित कर दिया गया है।
किसानों की समस्या को लेकर प्रखंड के आधारपुर निवासी भाजपा नेता सह भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ बिहार के पूर्व सह संयोजक धीरेंद्र कुमार धीरज उर्फ धीरज यादव ने कृषि मंत्री बिहार सरकार को पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई करते हुए ताजपुर प्रखंड के सभी 16 पंचायतों की जांच पुन: जांच कर किसानों को फसल क्षति का कृषि इनपुट लाभ दिलाने की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने कृषि समन्वयकों के द्वारा वरीय पदाधिकारी को गुमराह कर गलत एवं फर्जी रिपोर्ट देकर किसानों को कृषि इनपुट लाभ से वंचित किये जाने की शिकायत की है। कहा कि प्रखंड से सटे पूसा और सरायरंजन प्रखंड में किसानों को कृषि इनपुट लाभ दिया जा रहा है। जबकि विभागीय लापरवाही के कारण ताजपुर को वंचित रखा जा रहा है। पत्र की सूचनार्थ प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं कृषि विभाग के प्रधान सचिव को भी भेजी गई है।