समस्तीपुर । कोलकाता से अपने घर लौट रहे एक युवक की मौत बेगूसराय में सड़क दुर्घटना में हो गई। थाना के उदयपुर निवासी रामनंदन महतो के 18 वर्षीय पुत्र चंदन का शव शुक्रवार को गांव पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मां मीना देवी अपने लाल के मृत शरीर से लिपटकर चीत्कार मारकर रो रही थी। बेटा हो बेटा चिल्लाते हुए ऊपर वाले को पूछ रही थी। इस दौरान कई बार वह बेहोश भी हो गई। स्वजनों और ग्रामीण महिलाओं द्वारा पानी पिलाकर होश में लाया जाता रहा। होश आते ही पुन: चित्कार निकलने लगती। वही बहन चांदनी और भाई नीतीश का भी रो- रोकर बुरा हाल था। घर पर जुटे गांव के लोग सभी परिजनों को ढांढस बंधाते और सांत्वना देते दिख रहे थे। अंतिम संस्कार के लिए कोलकाता से चले पिता के आने का इंतजार किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार रामनंदन महतो कई वर्षों से कोलकाता में कबाड़ी का कारोबार करते हैं। उनका पुत्र चंदन भी उनके सहयोग में विगत वर्ष गया था। बुधवार को वह गांव के ही दो लोगों के साथ कोलकाता से अपने घर के लिए रवाना हुआ। गुरुवार की दोपहर बेगूसराय स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर ऑटो से अपने घर की ओर आ रहा था। इसी बीच बेगूसराय में ही अनियंत्रित ट्रक द्वारा ऑटो को ठोकर मारने से वह बुरी तरह जख्मी हो गया। लोगों ने उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल बेगूसराय में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के पश्चात शुक्रवार को चंदन का शव रोसड़ा के उदयपुर लाया गया था।
